जामा मस्जिद वक्फ सेक्रेटरी को धमकाने के मामले में केस दर्ज
- परिसर में तोड़फोड़ का भी आरोप, कोतवाली पुलिस ने जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। आगरा रोड स्थित जामा मस्जिद के परिसर में तोड़फोड़ और रोकने पर वक्फ सेक्रेटरी को धमकाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना एक अक्तूबर दो लोगों ने अंजाम दी थी। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड मोहल्ला गाडीवान निवासी मोहम्मद उमर सिद्दीकी ने बताया कि वह जामा मस्जिद वक्फ के सेक्रेटरी हैं। एक अक्तूबर की दोपहर जामा मस्जिद के कंपाउंड में तारिक निजामी निवासी बिसातखाना बाजार अपने एक साथी के साथ आए। आते ही इन लोगों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। गाली गलौज करने से रोका तो पीटने पर उतारू हो गए। कंपाउंड के अंदर रखे सामान भी तोड़फोड़ करने लगे। रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए तो आरोपी वहां से चले गए। आरोपी झगड़ालू किस्म के हैं। कभी भी उनके साथ कोई घटना अंजाम दे सकते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।