कासगंज। ढोलना क्षेत्र के नगला गांव में रिश्ता खत्म करने की बात करते हुए शादी में खर्च हुए रुपयों को वापस करने की बात को लेकर एक विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने ससुर से मारपीट कर दी। ससुर दाताराम ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
ढोलना क्षेत्र के गांव नगला रज्जी निवासी दाताराम (55) का आरोप है कि 28 नवंबर 2019 को उसके पुत्र किशनपाल की शादी गांव नरौली निवासी सरोज से हुई थी। शादी के बाद सरोज पति से परिवार को छोड़कर किसी बड़े शहर में रहने का दबाव बना रही थी। जब किशनपाल ने उसे समझाया तो वह नाराज होकर 9 जुलाई 2022 को जेवर व कपड़े लेकर मायके चली गई। 11 नवंबर को सरोज के मायके पक्ष से दिनेश, राकेश, राजेश, रवि और नेत्रपाल निवासी गांव नरौली दाताराम के घर नगला आए। इन लोगों ने रिश्ता खत्म करने की बात करते हुए शादी में खर्च हुए रुपयों को वापस करने की मांग की। जब दाताराम ने अदालत में लिखा पढ़ी कराने की बात कही तो आरोपियों ने मारपीट, गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी घर से सोने -चांदी के जेवर और 20000 रुपये की नकदी घर से जबरन ले गए। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर धमकाया । दाताराम ने थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र प्रेषित कर मामले के संबंध में गुहार लगाई गई, लेकिन नतीजा सिफर रहा। इस पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना ढोलना में पांचों आरोपियों के खिलाफ सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।