कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के गांव घिनौना में दो दिन पूर्व एक खेत में लगे हरे पेड़ काटे जा रहे थे। सूचना पर पहुंचे वनरक्षक ने ठेकेदार और खेत स्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वनरक्षक मोहित ने बताया कि दो दिन पूर्व घिनौना गांव में हरे पेड़ के कटान की सूचना मिली। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो वहां फिदा अहमद के खेत में किनारे पर लगे आम, नीम, गूलर के सात हरे पेड़ों का कटान ठेकेदार चुन्ने खां निवासी नौगवां के द्वारा बिना अनुमति के किया गया।
मामले में ढोलना पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ठेकेदार और खेत स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी रामप्रकाश गौतम ने बताया कि मामले में ठेकेदार व खेत स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा जांच पड़ताल की जा रही है।