कासगंज। चोरी की मशीन से रोडवेज बस में टिकट बनाने के मामले में चालक परिचालक के खिलाफ अतरौली में अफसरों ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक ने अतरौली के साथ-साथ कासगंज के अफसरों को गहनता से जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को लाखों रुपये की गड़बड़ी होने का शक है।
शुक्रवार की रात दिल्ली से कासगंज आ रही अतरौली डिपो की बस की कासगंज के एआरएम संजीव कुमार, डिपो प्रभारी बृजेश कुमार ने चेकिंग की। इस दौरान अतरौली डिपो से पूर्व में चोरी हो चुकी मशीन से टिकट बनाई जा रहीं थीं। जबकि बस के लिए आवंटित मशीन टूल बॉक्स में थी। कासगंज के अधिकारियों की संस्तुति पर चालक, परिचालक की सेवा समाप्त करने के बाद अब मुकदमा दर्ज कराया गया है। अलीगढ़ के क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज अहमद के निर्देश पर अतरौली के अधिकारियों ने कार्रवाई की है। वहीं कासगंज के अधिकारियों को भी इस मामले की गहनता से जांच कराने में सहयोग के निर्देश दिए हैं। इधर अफसरों का मानना है कि कई लाख रुपये की गड़बड़ी इसी मशीन से हुई है। हालांकि जांच में स्थिति स्पष्ट होगी।
वित्तीय अनियमितता का हुआ है मुकदमा
अतरौली में चालक परिचालक के विरुद्ध जो मुकदमा दर्ज हुआ है उसमें वित्तीय अनियमितता और रोडवेज की धनराशि चोरी करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि अधिकारियों ने तहरीर में यह स्थिति स्पष्ट नहीं की है कि कितनी अनियमितता है। इसकी जांच पुलिस करेगी।
कहीं और मशीनें तो नहीं हैं गायब, जांच शुरू
क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज अहमद ने गड़बड़ी की जांच के साथ-साथ टिकट मशीनों की जांच भी शुरू कराई है। अतरौली, कासगंज के एआरएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने -अपने डिपो की सभी मशीनों की जांच करें। देखें कि कितनी मशीनें आवंटित हैं और किसी बस को कौन सी मशीन आवंटित की जा रही है।
वर्जन-
- चोरी की मशीन से टिकट बनाए जाने के मामले में चालक परिचालक के खिलाफ अतरौली के एआरएम के जरिए मुकदमा दर्ज कराया है। अतरौली, कासगंज के अलावा मंडलभर में इस घटना के बाद से मशीनों की भी जांच शुरू करा दी है। - परवेज अहमद, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम, अलीगढ़।