किशनी। कस्बा स्थित एक स्कूल के नाम पर फर्जी इंद्राज के जरिए 50 बीघा सरकारी भूमि हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित ने डीएम से शिकायत की, एसडीएम ने बताया कि वाद न्यायालय में चल रहा है, जांच कर सही कार्रवाई की जाएगी।
नगला मंगद निवासी पिंकी ने एसडीएम किशनी गोपाल शर्मा से शिकायत की थी, आरोप लगाया कि कस्बा में एक स्कूल के नाम से संस्था संचालित है। संस्था के नाम जो जमीन है, उस जमीन पर फर्जीवाड़ा किया गया है। अभिलेखों में 2.74 के स्थान पर रकवा को बढ़ा 12.74 एकड़ कर दिया गया। करीब 50 बीघा जमीन का फर्जीवाड़ा किया गया है। स्कूल में रकवा को करीब 10 एकड़ बढ़ाया गया है। इसमें राजस्व कर्मियों की साठ गांठ का आरोप भी है। इससे संबंधित गाटा संख्या में फर्जी प्रविष्टियां किए जाने का भी आरोप है। उक्त मामले में पीड़िता की ओर से डीएम से भी शिकायत की गई। डीएम ने मामले में एसडीएम किशनी से रिपोर्ट मांगी है। एसडीएम किशनी का कहना है कि मामला उनके न्यायालय में है, शिकायतकर्ता जिलाधिकारी से मिले थे। मामले में निष्पक्ष जांच कर निस्तारण किया जाएगा।