कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के मानपुर नगरिया में संचालित न्योली शुगर मिल ने वर्ष 2024 में 5500 किसानों काे गन्ना खरीदने के बाद भुगतान नहीं किया। न्योली मिल पर किसानों का करीब 18 करोड़ पांच लाख रुपये का भुगतान बकाया है। किसानों का भुगतान नहीं करने पर सचिव ने मिल के एमडी, जीएम सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।न्योली शुगर मिल ने वर्ष 2024 में किसानों से 370 रुपये, 360 रुपये और 355 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से गन्ना खरीदा। मिल प्रबंधन को करीब 55 करोड़ 71 लाख रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को करना था। शुगर मिल ने किसानों को करीब 37 करोड़ 66 लाख रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन 5500 किसानों का करीब 18 करोड़ पांच लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। गन्ने का भुगतान न होने से किसान परेशान हैं। किसानों ने भुगतान कराने के संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की। किसान दिवस में कई बार गन्ना किसानों ने बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। जिला गन्ना अधिकारी ने कई बार भुगतान के संबंध में न्योली शुगर मिल को पत्र लिखा, लेकिन मिल प्रबंधन ने किसानों की बकाया धनराशि उन्हें नहीं दी। गन्ना आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर भी किसानों का भुगतान नहीं किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव रमेश सिंह ने शुगर मिल के एमडी कुणाल यादव, जीएम चंद्रभान सिंह, चीफ फाइनेंस ऑफिसर भारत मेहता, मुख्य वित्त अधिकारी डीके श्रीवास्तव, यूनिट हेड इसरार अहमद, सहायक महाप्रबंधक लेखा एवं वित्त वेद प्रकाश के खिलाफ सोरों जी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। जिला गन्ना अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि न्योली शुगर मिल पर किसानों का वर्ष 2024 का लगभग 18 करोड़ पांच लाख रुपये का बकाया है। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी मिल प्रबंधन ने किसानों का भुगतान नहीं किया। शुगर मिल के एमडी सहित छह लोगों पर केस दर्ज कराया गया है।