आगरा में पिछले दो दिनों हुई बारिश के बाद शहर में अलग-अलग तीन स्थानों पर जहरीले सांप निकले। पांच-पांच फुट लंबे इन कोबरा सांपों को वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम ने रेस्क्यू करने के बाद उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
पहला सांप बिचपुरी स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल मिला। स्कूल प्रबंधन ने वाइल्ड लाइफ एसओएस से संपर्क किया। टीम के सदस्यों ने मौके से सांप को रेस्क्यू किया। दूसरा सांप अरतौनी स्थित बालमुकुंद रामचंद्र बाजारी सरस्वती विद्या मंदिर में नजर आया जिसे देख कर्मचारी घबरा गए। यहां से भी सांप को वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम ने रेस्क्यू किया।
वहीं तीसरा सांप मलपुरा में किशोर न्याय बोर्ड के रसोई क्षेत्र में दिखा। तीनों ही सांपों को कुछ घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद इनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।
सांप दिखे तो इस नंबर पर दें सूचना
वाइल्ड लाइफ एसओएस के सह संस्थापक कार्तिक सत्यनारायण ने बारिश के मौसम में जनता से सतर्कता बरतने के लिए कहा। साथ ही सांप निकलने पर वाइल्ड लाइफ एसओएस के हेल्पलाइन नंबर 9917109666 पर संपर्क करने का आग्रह किया। वाइल्ड लाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंजरवेशन प्रोजेक्ट्स बैजूराज एमवी ने कहा कि बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने के कारण सांप अक्सर आबाद क्षेत्र में आ जाते हैं। ऐसे में इन्हें मारे नहीं बल्कि वाइल्ड लाइफ विभाग से संपर्क करें ताकि इन्हें इनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।