कासगंज। दिसंबर माह के राशन का इंतजार कर रहे कार्डधारकों के लिए खुशखबरी है। जिले के 250955 कार्डधारकों के राशन का इंतजार खत्म होने वाला है। इन कार्ड धारकों को मुफ्त राशन मिलेगा। शासन के निर्देश के बाद विभाग ने खाद्यान का उठान शुरू कर दिया है। डीलरों की दुकानों पर गेहूं व चावल पहुंचाया जा रहा है।
जिले में राशन के वितरण की व्यवस्था दो माह पीछे चल रही थी। राशन व्यवस्था को ढर्रे पर लाने के लिए कवायद शुरू की गई है। कार्ड धारकों को नवंबर माह का राशन जनवरी में दिया गया, लेकिन अभी भी दिसंबर माह का राशन शेष है। इस राशन को इसी माह में वितरित करने का निर्देश शासन से जारी किया गया। राशन में पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं व 3 किलो चावल मिलेगा। वहीं अंत्योदय योजना के कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल दिया जाएगा।
शासन से दिसंबर माह का राशन निशुल्क वितरण कराने के निर्देश मिले हैं। इसके बाद राशन का उठान शुरू हो गया है। अभी वितरण की तिथि शासन से निर्धारित नहीं की गई है। जल्द ही तिथि निर्धारित होने की संभावना है। संजय कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी