आगरा में एमजी रोड के प्रतापपुरा चौराहे के पास टक्कर के बाद आई-10 कार सवार युवक ने होंडा सिटी कार सवार परिवार का पीछा किया। इससे परिवार दहशत में आ गया। उन्होंने उससे बचने के लिए जिलाधिकारी आवास के सामने कार रोक ली। इस पर युवक ने मारपीट कर दी। बाद में जिलाधिकारी आवास के गार्ड ने पुलिस बुला ली। तकरीबन एक घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया।
सिकंदरा निवासी दुर्गेश कुमार शुक्रवार रात को तकरीबन साढ़े दस बजे फतेहाबाद मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खाकर होंडा सिटी कार में घर लौट रहे थे। उनके साथ परिवार की दो युवतियां और महिला थीं। प्रतापपुरा चौराहे के पास उनकी कार की मामूली टक्कर आई-10 कार से हो गई। आई-10 कार में शमसाबाद मार्ग निवासी कनम नागपाल था।
आरोप है कि उसने दुर्गेश कुमार से गालीगलौज कर दी। परिवार के साथ होने के कारण वह आगे चल दिए। मगर, कनम पीछा करने लगा। रास्ते में कई बार कार को रोकने का प्रयास किया। इससे दुर्गेश का परिवार दहशत में आ गया। उन्होंने जिलाधिकारी आवास के सामने अपनी कार रोक दी। आरोप है कि कनम भी रुक गया। वह उनसे मारपीट करने लगा। इस पर उन्होंने भी उसे पकड़ लिया। बाद में जिलाधिकारी आवास से गार्ड निकल आए। उन्होंने परिवार को आवास परिसर में बुला लिया।
सूचना पर थाना रकाबगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार मौके के साथ पहुंच गए। इसके बावजूद कनम हंगामा कर रहा था। इस पर पुलिस ने उसको हिरासत में लिया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आरोपी कनम नागपाल नशे में गाड़ी चला रहा था। पीड़ित परिवार से तहरीर देने के लिए कहा गया, लेकिन वह इंकार कर रहे थे। अगर, वो तहरीर नहीं देंगे तो पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई करेगी। विवाद कार टकराने को लेकर हुआ था। कार में मामूली डेंट आया है।