एटा कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड स्थित गांव बावसा के पास सोमवार देर शाम कार ने साइकिल सवार दो मजदूरों को रौंद दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चचेरे भाइयों को मेडिकल कॉलेज से आगरा रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक ने मंगलवार तड़के दम तोड़ दिया। जबकि अन्य हादसों में चार लोग घायल हुए हैं। इनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यहां की है घटना
गांव अमरगोजिया निवासी जितेंद्र कुमार (32) की मौत हुई है। इसका चचेरा भाई सोनू गंभीर रूप से घायल हुआ है। परिजन ने बताया कि दोनों गांव हिम्मतपुर स्थित भवन निर्माण सामग्री की दुकान पर मजदूरी करते थे। सोमवार की शाम करीब सात बजे दुकान से घर के लिए एक ही साइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। गांव बावसा के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह करीब चार बजे जितेंद्र की मौत हो गई। जबकि सोनू की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।