सोडरा स्थित खेत में लट्ठे गाड कर किया कब्जा
- रसूखदार महिला और सहयोगी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव सोडरा स्थित एक किसान की जमीन पर रसूखदार महिला ने अपने सहयोगी के साथ मिल कर कब्जा कर लिया। जमीन पर सीमेंट के लट्ठे गाड दिए। मेड़ भी तोड़ दी। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरनाहल थाना क्षेत्र के गांव नगला नधा निवासी किसान उम्मेद सिंह की ओर से एसडीएम को शिकायती पत्र दिया गया था। इसमें कहा कि उसकी पैतृक भूमि गांव सोडरा में स्थित है। जमीन पर जनपद इटावा के गांव मिट्ठनपुर निवासी रसूखदार नीलम देवी और उपदेश खलीफा आकर गुंडागर्दी करते हैं। नामजद लोगों ने उसकी जमीन पर सीमेंट के लट्ठे गाड़ दिए हैं। मेड़ तोड़ कर खेत में दो फीट अंदर आ गए हैं। जानकारी होने के बाद जब मौके पर जाकर रोका तो आरोपी गाली गलौज करते हुए झगड़ा करने पर आमादा हो गए। पीड़ित ने जमीन से कब्जा हटवाए जाने की मांग की। एसडीएम ने थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर पुलिस ने रसूखदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।