आगरा। बोर्ड परीक्षा के दौरान उत्तरपुस्तिका में कागज या रुपया मिलने पर नकल माना जाएगा। नकल अध्यादेश 2024 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कक्ष निरीक्षक जिम्मेदार होंगे। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी की जांच के नाम पर जूते नहीं उतरवाए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि किसी परीक्षार्थी की उत्तरपुस्तिका में कोई भी अनुचित साधन सामग्री मिलने पर कक्ष निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसे ड्यूटी के समय लापरवाही माना जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय परीक्षार्थी के जूते नहीं उतरवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सचल दल के सदस्य केंद्र पर निरीक्षण के समय अपने मोबाइल वाहन में रखकर जाएंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे सक्रिय नहीं है। कैमरों को ठीक करा लिया जाए। परीक्षा तैयारी पर सोमवार और मंगलवार को वर्चुअल मीटिंग होगी। किसी को कोई समस्या है तो जानकारी दे सकता है।