मैनपुरी। जिले के नौ केंद्रों पर शनिवार को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान पंजीकृत 3699 परीक्षार्थियों में से 730 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 2969 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा देकर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि मानसिक योग्यता आधारित प्रश्नों के जवाब देने में उलझन रही। शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे से शुरू होने वाली नवोदय विद्यालय कक्षा छह प्रवेश परीक्षा के लिए साढ़े 10 बजे से परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी पर घिरोर विकास खंड के 385 छात्रों में से 83 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मलिखान सिंह इंटर कॉलेज कुरावली पर कुरावली विकास खंड के 399 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 59 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुदिती ग्लोबल एकेडमी में मैनपुरी विकास खंड के 610 परीक्षार्थियों में से 107 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुंवर आरसी बालिका इंटर कॉलेज में बरनाहल विकास खंड के 313 परीक्षार्थियों में से 56 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मैनपुरी पर करहल विकास खंड के 333 परीक्षार्थियों में से 97, सनातन धर्म इंटर कॉलेज हसनपुर पर सुल्तानगंज विकास खंड के 498 में से 106, डॉ. किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर बेवर विकास खंड के 535 में से 94, पैराडाइज पब्लिक स्कूल मंछना पर जागीर विकास खंड के 245 में से 58 और नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज समान पर किशनी विकास खंड के 381 परीक्षार्थियों में से 70 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र अश्वनी ने बताया कि परीक्षा में बाकी तो सब सरल था लेकिन मानसिक योग्यता अधारित प्रश्र की असंगत आकृतियों को मिलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रा रजनी ने बताया कि आकृतियों बाले प्रश्रों के जवाब देने में परेशानी उठानी पड़ी। प्रवेश परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर खंड शिक्षाधिकारी को स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया वहीं नवोदय विद्यालय की टीम भी प्रधानाचार्य राजेश कुमार के साथ भ्रमण पर रही। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा का निरीक्षण किया। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई।