एसएन मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग और वक्ष एवं क्षय रोग के मरीजों को एक बार में 15 दिन की दवा दी जाएगी। कैंसर के मरीजों को पूर्व की तरह एक महीने और अन्य विभाग के मरीजों को सात दिन की दवा दी जाएगी। ओपीडी में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए यह सुविधा की जाएगी।
दो नवंबर से शुरू हो रही सामान्य ओपीडी के लिए सोमवार को प्राचार्य डॉ. संजय काला ने ओपीडी प्रभारी डॉ. यतेंद्र चाहर और सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर एक बार में दी जाने वाली दवाओं को दोगुने दिन का किया है। इसमें मानसिक और वक्ष रोग विभाग में एक बार सात दिन की दवा दी जाती थी।
बाल रोग, स्त्री रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, त्वचा रोग, दंत रोग, नेत्र रोग के मरीजों को तीन दिन की दवा दी जाती थी। प्रवेश और निकासी की व्यवस्था में बदलाव करते हुए फव्वारा रोड से प्रवेश और नेत्र रोग विभाग की ओर से निकासी होगी। ओपीडी का समय अब तीन घंटे ही रहेगा। सुबह नौ से 12 बजे तक ही मरीज देखे जाएंगे। ओपीडी में शीशे का चैंबर और बेरीकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है।