मैनपुरी। शासन के निर्देश पर जिले में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना का टीका बृहस्पतिवार से लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने पौने चार लाख लोगों की सूची तैयार कर ली है। सूची में शामिल लोगों का अभियान चलाकर 70 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि कोरोना वायरस अभी समाप्त नहीं हुआ है। द्वितीय लहर का प्रकोप बढ़ रहा है। 45 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के लगभग पौने चार लाख लाभार्थियों को सूचीबद्ध करते हुए प्रतिदिन आठ से 10 हजार अथवा अधिकतम व्यक्तियों का टीकाकरण किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीएमओ ने जिले के लोगों से अपील की कि बार-बार हाथ धोएं। दो गज की दूरी का पालन करें तथा मास्क लगाएं। हाथों को सैनिटाइज करते रहें। जरा भी लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं। सीएमओ ने कहा कि जनपद के समस्त परिवारों के मुखिया विशेष रूप से ध्यान दें कि वह 45 व इससे अधिक आयु वर्ग के सभी सदस्यों को नजदीकी के सत्र स्थल पर जाकर टीकाकरण करवाएं।
-----
कब और कहां होगा टीकाकरण
जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सभी ब्लॉक सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार से शनिवार प्रत्येक कार्य दिवस में टीकाकरण होगा, जबकि अन्य सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार, बृहस्पतिवार को टीकाकरण होगा। टीकाकरण पूर्णतया नि:शुल्क होगा।
प्रथम डोज देश में किसी अन्य जगह पर लगवाने वाले लोग भी इन सरकारी केंद्रों पर पहुंचकर द्वितीय डोज लगवा सकते हैं।
-----