बाह: बाह में बच्चे की बुखार से मौत पर लगाया स्वास्थ्य शिविर, एंटी लार्वा का किया छिड़काव
- फोटो : संगठन
बाह। बुखार के चलते मासूम की जान जाने के बाद हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर मरीजों की जांच एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराया। गली कल्यानसागर बाह में 23 सितंबर को विजयकांत के 3 साल के बेटे राघव की बुखार के दौरान हालत बिगड़ने पर जान चली गई थी। परिजन ने निजी चिकित्सक से इलाज कराया था। बच्चे की मौत होने पर सीएचसी बाह के अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को गली कल्यान सागर में स्वास्थ्य शिविर लगाया। रोगियों का परीक्षण और उपचार किया। मलेरिया और डेंगू की जांच के लिए 14 रोगियों के रक्त के नमूने लिए। टीम में सहायक मलेरिया अधिकारी अवधेश कुमार, धीरज सविता, विवेक सिंह, आकाश, कोमल आदि शामिल रहे। अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि रक्त के नमूने की जांच में मलेरिया और डेंगू की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बस्ती में कोई भी बुखार पीड़ित नहीं मिला है।