रुनकता। शनि अमावस्या के अवसर पर रुनकता में 16 मई को रेणुका धाम घाट एवं शनि देव मंदिर में हर वर्ष की भांति हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। श्रद्धालु सुबह से यमुना स्नान कर शनि देव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। ऐसे में घाट क्षेत्र की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। रेणुका धाम घाट पर स्नान के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए गोताखोरों, जल पुलिस, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
वहीं, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी जरूरी मानी जा रही है। घाट और मंदिर मार्ग पर बढ़ती भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पूर्व वर्ष में भी शनि अमावस्या के दौरान भारी जाम की स्थिति बनी थी। एक बार तो जाम में शव यात्रा तक फंस गई थी, जो कई घंटे बाद निकल सकी थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग उठाई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शनि अमावस्या पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए इस बार सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाने बेहद जरूरी हैं। संवाद