लंबी दूरी तक बड़ी मात्रा में माल भेजने के लिए कारोबारियों का रुझान रेल की ओर बढ़ रहा है। रेलवे में अप्रैल से सितंबर तक 10.84 मिलियन टन माल लादा गया, जो पिछले साल की समान अवधि के 10.03 मिलियन टन से 8.1 फीसदी अधिक है। अगस्त में आगरा मंडल में 125 रैक से 2,97,526 मीट्रिक टन माल का परिवहन हुआ।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि बड़ी खेप सड़क मार्ग से भेजने में ट्रकों की उपलब्धता, जाम और लंबी दूरी में लगने वाला समय कारोबारियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। मालगाड़ी से एक साथ बड़ी मात्रा में माल भेजना सुविधाजनक विकल्प बन रहा है।
अगस्त में आईओसी साइडिंग से पेट्रोलियम ऑयल के 100 रैक, आईसीडीवाई से 12 रैक कंटेनर, गोविंदगढ़ से तीन रैक बैलास्ट और बीओसी साइडिंग से एक रैक बिटुमेन लदा। रामगढ़ से ई-ऑयल, डीओसी और स्टोन, यमुना ब्रिज से ई-ऑयल तथा मथुरा जंक्शन से मस्टर्ड ऑयल भेजा गया।
पांच महीने में 12.96 लाख टन माल अप्रैल से अगस्त तक 559 रैक से 12.96 लाख टन माल की ढुलाई हुई। इसमें पेट्रोलियम, डीजल, खाद्य तेल, गेहूं, चावल, नमक, यूरिया, डीएपी, लुब्रिकेंट्स और तैयार कंक्रीट प्रमुख हैं। कंटेनर से ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृषि उत्पाद भी भेजे गए। माल ढुलाई से रेलवे को 189.17 करोड़ रुपये की आय हुई।