सोमवार की तरह मंगलवार को भी ताजनगरी में सुबह बेहद घना कोहरा रहा। दृश्यता शून्य होने के कारण ट्रैफिक रेंगकर चला। बस हो या ट्रेन, घने कोहरे ने सभी वाहनों की रफ्तार थाम दी।
रात से लेकर सुबह तक आगरा कैंट पर जो भी ट्रेन आई, वह दिल्ली तक का ढाई से तीन घंटे तक का सफर सात से 7.30 घंटे में पूरा कर पाई। राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को आगरा से दिल्ली पहुंचने में सात घंटे का समय लग गया। दोपहर में कोहरा छंटने के बाद ट्रेनें सामान्य रफ्तार से चल सकीं।
घने कोहरे के कारण आगरा से दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन पर एक घंटे देरी से आई, लेकिन यह दिल्ली सात घंटे में पहुंच पाई। यही हाल जबलपुर निजामुद्दीन सुपरफास्ट, जीटी एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस का रहा जो 30 मिनट से एक घंटे देरी से कैंट स्टेशन पर सुबह आईं, लेकिन दिल्ली का सफर सात घंटे में पूरा किया।
राजधानी एक्सप्रेस समेत यह सभी ट्रेनें चार घंटे देरी से पहुंचीं। कर्नाटका एक्सप्रेस आगरा कैंट पर सुबह दो घंटे देरी से, श्रीधाम एक्सप्रेस दो घंटे, चेन्नई राजधानी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, महाकौशल एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, सचखंड एक्सप्रेस दो घंटे, मंगला और केरला एक्सप्रेस पौने दो घंटे, झेलम एक्सप्रेस 30 मिनट और पंजाब मेल 25 मिनट की देरी से आईं।
5 डिग्री नीचे चल रहा है तापमान
मंगलवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही तो वहीं तापमान भी सामान्य से कम रहा। सुबह कड़ाके की सर्दी रही। अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री नीचे है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा। दोपहर में गुनगुनी धूप राहत दे सकती है। दिन के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी के आसार हैं, वहीं न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है।