फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, एक यात्री की मौत, 17 घायल

Tue, 18 Aug 2026 02:02 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद (आगरा)। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात चालक को झपकी आने से एक स्लीपर कोच बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक यात्री राहुल की मौत हो गई जबकि 17 घायल हैं। छह को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


घटना रविवार रात करीब 1:50 बजे हुई। शताब्दी ट्रैवल्स की स्लीपर कोच बस करीब 60 यात्रियों के साथ कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी। बस को रिंकू चला रहा था। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 29 पर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम और फतेहाबाद पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर अधिकांश यात्रियों को बाहर निकाला। दो यात्री बस के नीचे फंसे हुए थे। उन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। कुल 17 घायलों को सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया, जहां से 6 यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं घायल राहुल यादव (30) पुत्र जयनारायण (निवासी जगदीशपुर, कानपुर नगर) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यह गुरुग्राम की चावल फैक्टरी में काम करते थे। हादसे की जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए।
विज्ञापन


बस हादसे में ये हुए घायल
अनुराग द्विवेदी (पनकी कानपुर), अजय सिंह (अजीतमल, औरैया), विवेक सिंह (कानपुर देहात), अरविंद, परिचालक भोले सिंह (नगीना बांगर मूसानगर कानपुर देहात), आदित्य (सुरेंद्र नगर थाना रावतपुर कानपुर), प्रशांत (कल्याणपुर मेट्रो के पास कानपुर), दीपक (कानपुर), गुलफशा पत्नी शमीम (सैयद नगर थाना रावतपुर कानपुर), नंदन (फतेहाबाद आगरा), सरवन (पनकी कानपुर), नेहा (बड़ा शाहपुर, गुरुग्राम), राहुल (कानपुर), बबलू (बर्रा, कानपुर), देवेश (काकादेव, कानपुर) और सोमेंद्र शामिल हैं।




कुछ देर थमी वाहनों की रफ्तार
एक्सप्रेसवे पर बस पलटने के बाद कुछ समय के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। यूपीडा सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी ने बताया कि बस चालक को झपकी आने के कारण बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सुरक्षित सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।





प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है। एक की मृत्यु हुई 17 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस छोड़कर चालक भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक अग्रवाल, डीसीपी पूर्वी जोन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें