करहल। कश्मीरी गेट दिल्ली से यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही प्राइवेट बस थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर आगे खड़े ट्रक में जा टकराई। हादसे में बस में बैठे दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त हुए दोनों वाहनों को मार्ग से हटवाने के बाद आवागमन सुचारू कराया। कासगंज के गांव हरपालपुर का रहने वाला बस चालक शिवराज सिंह बृहस्पतिवार रात को कश्मीरी गेट दिल्ली से करीब 40 सवारियां लेकर गोरखपुर जाने के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बस जब कस्बा करहल में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे 101 माइलस्टोन पर पहुंची। वहां से फूड प्लाजा के लिए उतरते समय बस आगे खड़े ट्रक में तेजी के साथ जा टकराई। हादसे में बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सवारियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बस यात्री जिबराइल निवासी मोहल्ला लाडनपुर गोपरसहाय थाना खलीफतपुर श्रावस्ती और राजेश सिंह निवासी अल्लैपुर थाना बल्ला अलीगढ़ को उपचार के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया। हादसे में ट्रक चालक निम्माराम निवासी गांव मियाहा बाड़मेर राजस्थान को भी मामूली चोट लगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को मार्ग से हटवाने के बाद आवागमन सुचारू कराया।