आगरा के ईदगाह डिपो से जयपुर जा रही रोडवेज बस अचानक सामने आए ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में फुटपाथ पर चढ़ गई। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। हादसे में लोग बाल-बाल बच गए।
आगरा। ईदगाह डिपो से जयपुर जा रही रोडवेज बस खेरिया मोड़ के पास रेलवे ओवरब्रिज से उतरते ही रास्ते में पंक्चर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली को बचाने में अनियंत्रित हो गई। वह फुटपाथ पर चढ़ गई। आसपास दुकानों पर खड़े लोग बस को अपनी ओर आता देख शोर मचाने लगे, वहीं यात्री अनहोनी की आशंका में चीख पड़े। हालांकि लोग बाल-बाल बच गए। चालक भाग निकला।
विज्ञापन
ईदगाह डिपो से निकली रोडवेज बस ईदगाह स्थित रेलवे पुल से खेरिया मोड़ की तरफ आ रही थी। पेट्रोल पंप के सामने ही नगर निगम की एक ट्रैक्टर-ट्राॅली खड़ी थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि अचानक ट्रैक्टर-ट्राॅली को देखकर चालक ने बस को मोड़ने की कोशिश की। मगर, उनका नियंत्रण नहीं रहा। बस फुटपाथ पर चढ़ गई।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ईदगाह डिपो दीपचंद ने बताया कि फ्लाईओवर से उतरते ही नगर निगम का ट्रैक्टर पंक्चर होने की वजह से खड़ा था। उसे बचाने के लिए चालक ने बस को मोड़ा, तभी फुटपाथ पर चढ़ गई। लोगों की भीड़ जुटने पर चालक भाग गया। दूसरे चालक को भेजकर बस को डिपो में लाया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।