गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव नीमगांव में राधाकुंड बाईपास रिंग रोड पर देर रात्रि बरातियों से भरी बस मोड़ पर अनियन्त्रित होकर खेत में पलट गई। बस के पलटने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से कुछ घायलों को जिला अस्पताल में रेफर किया।
घटना बीती रात्रि रविवार करीब एक बजे की है। चौमुंहा से लोकेश पुत्र रोहतान सिंह की बरात गांव महरौली के यहां गई थी। रात्रि में बराती बस से लौट रहे थे कि नीमगांव से राधाकुंड बाईपास पर रिंग रोड के मोड़ पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस खेत में पलट गई।
बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। खिड़कियों के टूटे शीशे से लोग बाहर निकले। हादसे की जानकारी होने पर स्थानीय लोग भी मदद करने आ गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपेंद्र सिंह ने बताया कि 24 घायलों में पांच को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।