पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद डा. रामशंकर कठेरिया ने शिवनगर और नरीपुरा में जलभराव की समस्या का समाधान न होने पर 25 अगस्त से अनशन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कठेरिया शनिवार सुबह शिव नगर जनसमस्याएं सुनने पहुंचे थे। इसी बीच क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने रोष व्यक्त किया। लोगों ने जलभराव की समस्या को दिखाते हुए बताया कि यहां 12 महीने से ऐसे ही गलियों में गंदा पानी भरा रहता है। इसकी वजह से गली से गुजरना दूभर हो गया है। संक्रमण फैलने का खतरा अलग बना हुआ है। बारिश के दिनों में गंदा पानी घरों में घुसता है। लोगों का कहना था कि यहां अंडरपाथ के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रेलवे और सरकार को भेजा गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों की शिकायत सुनने के बाद कठेरिया ने प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पांडा को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि नरीपुरा में जलभराव की समस्या को देखते हुए पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य और तीन किमी नाले का निर्माण कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने 24 अगस्त तक मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में 25 अगस्त को सुबह दस बजे से क्षेत्र की जनता के साथ अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री अनिल चौधरी, हेमलता दिवाकर कुशवाह, डा. जीएस धर्मेश, महेश शर्मा, भरत शर्मा आदि मौजूद थे।