आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र के प्रकाश नगर में बृहस्पतिवार को सांड़ के हमले में बाजार जा रहे 50 वर्षीय राजू निषाद की दर्दनाक मौत हो गई। गोगाजी इंटर कॉलेज के पास दो सांड़ आपस में भिड़ रहे थे। उसी दौरान एक सांड़ अचानक पास से गुजर रहे राजू निषाद पर टूट पड़ा और उन्हें तीन बार हवा में उठाकर पटक दिया। इसके बाद भी दोनों सांड़ आपस में ही लड़ते रहे और राजू को पैरों तले बुरी तरह रौंदते रहे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर इकट्ठे हुए लोगों ने लाठियों से दोनों सांड़ों को खदेड़ा लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
प्रकाश नगर निवासी राजू निषाद एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। उनकी पत्नी उर्मिला की आठ साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। घर पर दो बेटे बबलू और संजय राजमिस्त्री का काम करते हैं। मृतक के बेटे बबलू ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे बाजार जा रहे पिता पर सांड़ ने हमला कर दिया। बचने की कोशिश में वह गिर पड़े, जिसके बाद पैरों से सांड़ों ने उन्हें रौंद दिया। आसपास के दुकानदारों ने लाठी-डंडों से सांड़ों को भगाया। परिजन ने उन्हें लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शाम करीब छह बजे उपचार के दौरान राजू निषाद ने दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।