परिषदीय स्कूलों में निर्धारित समय पर उपस्थित न मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने तीन प्रधानाध्यापक व शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। खुद बीएसए के साथ खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों का निरीक्षण किया था। निलंबित किए गए प्रधानाध्यापक व शिक्षकों पर दायित्वों का निर्वहन न करने का भी आरोप है।
बीएसए राजीव कुमार यादव ने 15 दिसंबर को प्राथमिक विद्यालय, पुरा बीच, बाह का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय के सभी कक्ष व कार्यालय के दरवाजे खुले हुए थे। कोई शिक्षक या अन्य स्टाफ मौजूद नहीं था। न ही कोई प्रार्थनापत्र बीएसए कार्यालय में दिया गया था। आसपास के लोगों से बीएसए ने पूछा तो पता चला कि स्कूल ऐसे ही खुला रहता है। यह भी कहा कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार शर्मा, सहायक अध्यापक नीरज 15-20 दिन में एक-दो दिन ही विद्यालय पहुंचते हैं। विद्यालय में गंदगी भी फैली मिली थी।
विद्यालय में कार्यालय में कोई अभिलेख नहीं मिला, उम्मीद जताई जा रही है अभिलेख या तो गायब हो गए हैं या फिर नष्ट कर दिए गए हैं। इनके साथ अन्य आरोप में प्रधानाध्यापक व शिक्षक दोनों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में यह मूल विद्यालय में ही संबद्ध रहेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी बाह ओमप्रकाश अकेला व खंड शिक्षा अधिकार्री, खंदौली समर अब्बास जैदी को संयुक्त रूप से जांच अधिकारी नामित किया गया है।