शोरूम में मौजूद बीएस-4वाहन (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में लॉकडाउन लगने के बाद विक्रय होने से बच गए बीएस-4 वाहन डीलरों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। जिले में बाकी 2500 के करीब दोपहिया बीएस-4 वाहनों की बिक्री लॉकडाउन समाप्ति के एक सप्ताह बाद तक की जाएगी। परिवहन विभाग में अब भी दस हजार बीएस-4 वाहन ऐसे हैं, जिनकी पंजीयण प्रमाणपत्र (आरसी) जारी नहीं हो सकी है।
प्रदेश में बीएस-4 वाहनों का विक्रय 31 मार्च तक ही किया जाना था, लेकिन 24 मार्च को कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन होने के बाद डीलरों के पास इन वाहनों का स्टॉक बकाया रह गया है। एक अप्रैल से सभी परिवहन कार्यालयों में बीएस-6 वाहनों का ही पंजीयन किया जाना था, लेकिन स्टॉक बकाया रहने पर डीलरों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
परिवहन अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय ने वाहन डीलरों को राहत देते हुए लॉकडाउन हटने के एक सप्ताह के भीतर ही स्टाक में रखे बीएस-4 वाहनों को बेचना होगा। इसके बाद आरटीओ में पंजीयन किए जाएंगे। वाहन डीलरों के पास चार पहिया वाहन नहीं बचे हैं, लेकिन दोपहिया वाहन बच गए हैं।