आगरा के टेढ़ी बगिया में बहन के प्रेम विवाह और उसकी सहेली को घर में किराये पर रखने से नाराज भाई ने रसोई में खाना बना रही बेबी को पीछे से गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा में एक बहन के प्रेम विवाह कर लेने और दूसरी के सहेली को घर में किराए पर रख लेने से भाई आग बबूला हो उठा। उसने मंगलवार रात रसोई में खाना पकाते समय अपनी दूसरी बहन पर तमंचे से गोली चला दी। पीठ में गोली लगने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पिता ने आरोपी बेटे और दूसरे बेटे की पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने गोली मारने वाले आरोपी भाई को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
Trending Videos
गली नंबर-1, टेढ़ी बगिया निवासी कृपाल सिंह ई-रिक्शा के सेल्समैन हैं। उनके पांच बच्चे हैं। बड़े बेटे सुमेर और बेटी लक्ष्मी की शादी हो चुकी है। दो वर्ष पहले छोटी बेटी तन्नू ने सचिन नामक युवक से मंदिर में प्रेम विवाह किया। दोनों एक ही समाज से हैं। इससे किसी ने आपत्ति नहीं की। 23 वर्षीय बेटी बेबी की सहेली इरम घर में आठ महीने से किराए पर रह रही है।
बेटा राहुल उर्फ चोबा बहन के प्रेम विवाह करने और बेबी की सहेली को किराए पर रखने से नाराज है। वह इसे दोनों की बगावत मानकर रंजिश रखे था। 17 अक्तूबर को इरम का जन्मदिन था। इस पर बेबी ने तनु और उसके पति को बुलाया। इस पर राहुल ने झगड़ा किया। राहुल के साथ ही बड़े बेटे सुमेर की पत्नी राजकुमारी भी अपशब्द कहने लगी।
पिता ने बताया कि दोनों बेटों और बहू ने छोटी बेटी, उसके पति और सहेली से अभद्रता की। उन्होंने थाने में इसकी शिकायत की लेकिन पारिवारिक मामला होने की वजह से कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार रात 10:30 बजे बेबी घर की दूसरी मंजिल पर रसोई में खाना पका रही थी। तभी अपने कमरे से निकलकर राहुल आया, उसके हाथ में तमंचा था। उसने पीछे से बेबी पर फायर कर दिया। गोली बेबी की पीठ में लगी।
तमंचा लहराते हुए भागा आरोपी
आवाज सुनकर परिजन दाैड़े। रसोई में बेबी खून से लथपथ पड़ी थी। उनकी चीख निकल गई। वह कुछ कर पाते, तब तक आरोपी तमंचा लहराते हुए भाग गया। इरम ने पुलिस को सूचना दी। घायल को अस्पताल पहुंचाया। बुधवार सुबह आरोपी राहुल उर्फ चोबा के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शाहदरा कट के पास से राहुल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
पुराना आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में एत्माद्दौला में और खंदौली थानों में शस्त्र अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हुए थे। वर्ष 2024 में ट्रांस यमुना थाने में मारपीट, नुकसान पहुंचाने और धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज है।
एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा के अनुसार बहन पर फायरिंग के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।