संवाद न्यूज एजेंसी
तालग्राम। पिता-पुत्र के बीच हुए घरेलू विवाद में पुत्र के ससुराली पक्ष शामिल हो गए। उन्होंने मिलकर दामाद के पिता की पिटाई कर दी। इससे वह जख्मी हो गए । पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बेटा समेत पांच के खिलाफ कार्रवाई की है।
तालग्राम थाना के अतरौली गांव निवासी रघुवीर ने बताया कि पुत्र अनिल की शादी मैनपुरी थाना किशनी के गांव तरेया रामनगर में हुई है। पुत्र से कुछ अनबन थी। यह बात अनिल के ससुराली पक्ष को नागवार गुजरी। बुधवार को अनिल की ससुराल से ससुर संजीव, चचिया ससुर दीपू और साले विजेंद्र व अरुण घर पर आए। चारों मिलकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते गाली गलौज शुरू हो गई। विरोध किया तो लाठी-डंडों और लात-घूसों से पिटाई कर दी। शोर सुन आसपास के लोग दौड़े तो जान से मारने की धमकी देकर चले गए। घायल हालत में उसको सीएचसी भर्ती कराया गया। बाद में वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान अनिल भी ससुराल पक्ष के साथ ही रहा। थाना प्रभारी देवेश कुमार पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसके बाद पुलिस ने बेटा अनिल के साथ ही चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।