थाना दन्नाहार में शिकोहाबाद मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा टकराई। हादसे में फिरोजाबाद निवासी युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जनपद फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव भारौल निवासी अतुल कुमार (25) कोतवाली क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडार पर काम करता था। बृहस्पतिवार की सुबह वह बाइक से मैनपुरी स्थित दुकान पर आ रहा था। बाइक जब थाना दन्नाहार क्षेत्र में हुमांयूपुर मोड़ के पास पहुंची। तभी किसी वाहन की टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में अतुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची दन्नाहार पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। कुछ देर बाद मृतक के परिजन आ गए। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया। हादसे में युवक की मौत के बाद परिजन में कोहराम मचा हुआ है।