भाजपा नेताओं की अपने ही भाई से बर्बरता की घटना सामने आई है। पहले तो घेरकर उसे पीटा। इसके बाद एक ने नाली से कीचड़ निकाला। दूसरे ने जूते में लपेटकर उसे चटवाया।
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक भाई ने अपने तीन भाइयों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। कहा कि भाइयों ने मकान के विवाद में पिटाई लगाई। इससे मन नहीं भरा तो एक भाई ने नाली से कीचड़ निकाला। दूसरे ने उसी कीचड़ में सना जूता चटवाया। जान से मारने की धमकी देकर छोड़ा। थाने में आत्मदाह की धमकी देने पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
विज्ञापन
घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के रुनकता कस्बा में 14 जुलाई की है। पुलिस चौकी के सामने, बैंक कॉलोनी में रहने वाले ओमवीर सिंह ने बताया कि उनकी घर के पास ही बांस-बल्ली की दुकान है। एक मकान में वह परिवार सहित रहते हैं। दूसरे मकान में भाई योगेंद्र उर्फ कृष्णवीर, धर्मवीर और रवि का परिवार रहता है। योगेंद्र भाजपा अछनेरा देहात मंडल का महामंत्री और रवि भाजयुमो का पदाधिकारी है।
वारदात वाले दिन वह भाइयों के घर के पास स्थित सारस्वत हॉस्पिटल में दवा लेने गए थे। रास्ते में भाइयों ने रोक लिया। पांच दिन में मकान खाली करने की कहने लगे। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। विरोध पर घेरकर तीनों ने पिटाई लगाई।
आरोप लगाया कि रवि ने डंडे से नाली से कीचड़ निकाली। इसके बाद जबरन कीचड़ चटवाई। धर्मवीर ने उसी कीचड़ में सने जूते को चटवाया। वह किसी तरह अपने घर पहुंचे। पुलिस से शिकायत करने गए। मगर, पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। भाइयों का विवाद बताकर घर भेज दिया।
उन्होंने बताया कि रविवार को थाने पर गए। बच्चों और पत्नी के साथ आत्मदाह की कहने पर केस दर्ज किया गया। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।
भाइयों में बंटवारे का विवाद
ओमवीर सिंह के पिता बलवीर सिंह का कहना है कि विवाद के समय वह दूसरे घर में थे। भाइयों में बंटवारे का विवाद चल रहा है। पहले भी परिवार के लोगों ने बैठकर समझौते के प्रयास किए थे। मगर, बात नहीं बन रही है।
पहले लगी थी दुकान में आग
ओमवीर का कहना है कि वह पिता के मकान में रहता है। भाई मकान खाली कराना चाहते हैं। पिता ने जमीन बांट दी है। यही बात भाइयों को खराब लगती है। पूर्व में उसकी बांस-बल्ली की दुकान में आग लगी थी। तब भी साजिश सामने आई थी। मगर, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
योगेंद्र सिंह का कहना है कि दबाव में केस लिखवाया गया है। संपत्ति का बंटवारा भी हो चुका है। छोटे भाई रवि की 11 जुलाई को शादी थी। इसमें ओमवीर ने पहुंचकर हंगामा व मारपीट की थी। तब मामला शांत करा दिया था। 14 को दोबारा घर पर पहुंचकर गाली गलौज, पथराव कर रहा था। तब भी भगाया था।