कासगंज में कलावती नर्सिंग व पैरामेडीकल संस्थान में सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यश
कासगंज। सेवायोजन विभाग ने कलावती नर्सिंग एंड पैरामेडिकल संस्थान में कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान नर्सिंग छात्र-छात्राओं को विदेश में नौकरी कर अपना भविष्य संवारने के बारे में समझाया। विदेश में नौकरी के आवेदन से पूर्व उन्हें रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा।सेवायोजन अधिकारी सिद्धार्थ मित्तल ने बताया कि सरकार विदेश में नौकरी करने का सपना देखने वाले युवाओं का सपना साकार करने का प्रयास कर रही है। बीएसी नर्सिंग,एएनएम और जीएनएम का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को नर्सिंग व सहायक नर्सिंग के पद पर विदेश में कार्य करने का मौका मिलेगा। इस्राइल, जापान और जर्मनी में कार्य करने के लिए उन्हें एक वर्ष का अनुभव ,अंग्रेजी भाषा व उस देश की भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है। विदेश में आठ घंटे कार्य करने के बाद उन्हें एक लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्रतिमाह मिलेगी। सेवायोजन के संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराने के बाद वह आवेदन कर सकेंगे । वहीं आउट सोर्सिंग व संविदा की रिक्तियों में सेवायोजन पोर्टल sewayojan.up.nic.in पर पंजीकरण कर आवेदन की जानकारी कर सकते हैं। विदेश में नौकरी में आवेदन करने के लिए अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।