मैनपुरी। मौसम का बदलता मिजाज स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम लगातार गिरते न्यूनतम तापमान के साथ सर्द हवाएं मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। खांसी-जुकाम के साथ सिरदर्द की समस्या पिछले कुछ दिनों से बढ़ी है। चिकित्सक लोगों को नाक, कान ढककर घर से बाहर निकलने की सलाह दे रहे हैं। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे मौसम सावधानी बरतने को कहा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सर्द हवाएं जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और गहरा सकता है।
शनिवार की सुबह हल्की धूप के साथ शुरू हुई, लेकिन सर्द हवाओं ने उसकी गर्माहट को महसूस नहीं होने दिया। न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 26 डिग्री रहा। दिनभर सर्द हवाओं का असर बना रहा। पार्कों में टहलने वाले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। हवा इतनी सर्द थी कि गुनगुनी धूप का आनंद भी नहीं लिया जा सका। सड़क किनारे चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली।
नसों को संकुचित कर देती है सर्द हवा
सर्द हवाओं का जोर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बढ़ा रहा है। खासकर उच्च रक्तचाप और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है। ऐसे मौसम में ब्लड प्रेशर बढ़ने की संभावना रहती है, जिससे सिरदर्द की शिकायत आम हो गई है।
बदलते मौसम में शरीर को रखें यथासंभव गर्म
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि सर्द हवाएं नसों को संकुचित कर देती हैं, जिससे सिरदर्द, माझोन और शरीर में जकड़न की समस्या बढ़ सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, जिससे वे जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। अस्पताल में खांसी, जुकाम, सिरदर्द और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बदलते मौसम में शरीर को गर्म रखना बहुत जरूरी है, ताकि ठंड से बचा जा सके।
सर्द हवा से बचाव ऐसे करें
सिर, कान और पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें।
गुनगुना पानी, चाय, सूप और काढ़ा पिएं।
सर्द हवा से बचकर सुबह की धूप का आनंद लें।
हल्की कसरत और योग से शरीर को गर्म रखा जा सकता है।
मौसमी फल और सब्जियां खाएं, ताकि रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।
बच्चे, बुजुर्गों को सर्द हवा से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें।