आगरा के आनंदी भैरों से डेरा बंजारा (गिजौली) मार्ग तक यमुना नदी पर प्रस्तावित पुल के लिए 147 करोड़ रुपये का संशोधित बजट व्यय वित्त समिति से मंजूर हो चुका है। शासन से स्वीकृति और धनराशि अवमुक्त कराने के लिए रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की।
वर्ष 2023 में 111 करोड़ रुपये इस पुल के लिए स्वीकृत हुए थे। 27 करोड़ रुपये जारी भी हो गए। इसके बाद भी पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका। अब पुल की लागत 36 करोड़ बढ़कर 147 करोड़ रुपये हो गई है। अपर मुख्य सचिव (वित्त) एवं वित्त आयुक्त की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक में इस परियोजना के लिए 147 करोड़ के संशोधित बजट को हरी झंडी 12 मार्च को मिल गई थी।
तीन बार बदली पुल की निर्माण लागत
इस पुल की निर्माण लागत शुरू होने से पहले ही तीन बार बदल गई। पहले इसकी लागत 111 करोड़ रुपये तय की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 173 करोड़ करने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, गहन परीक्षण और भूमि अधिग्रहण की दरों में सुधार के बाद अब इसे लगभग 147 करोड़ रुपये किया गया। पुल की लंबाई 525.94 मीटर होगी। साथ ही पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों को भी इसमें शामिल किया गया है। पुल के लिए कुल 3.8233 हेक्टेयर भूमि प्रभावित होगी। इसमें 1.5232 हेक्टेयर निजी कृषकों की है और 2.3001 हेक्टेयर सरकारी भूमि है।