सिढ़पुरा विकास खंड के ग्राम विचौला में आई बारात को घरातियों ने दूल्हा का रंग काला बताकर वापस कर दिया। दूल्हा के चाचा ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। ग्राम विचौला निवासी श्याम सिंह की पुत्री की शादी छह मई को विवेक निवासी से होना तय हुआ। इससे पूर्व 25 अप्रैल को गोद भराई की रस्म भी हुई। जिसमें वर पक्ष के द्वारा सामान देकर रिश्ता तय किया गया।
सोमवार को बरात ग्राम सींय से सिढ़पुरा के विचौला पहुंची। रस्म-रिवाज से बारात चढ़ी और गांव में भ्रमण के बाद बरात कन्या के दरवाजे पहुंची। जब जयमाला का समय हुआ तो घरातियों ने लड़के का रंग काला बताकर शादी से इंकार कर दिया और बरात को वापस ले जाने के लिए कहा।
यह सुनकर वर पक्ष के लोग भौचक्के रह गए। जब इस बात पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने बात करना चाही तो बरातियों के साथ मारपीट करना शुरु कर दिया जिससे उनमें भगदड़़ मच गई।
मारपीट में कुछ बराती चोटिल भी हो गए।