गंजडुंडवारा। पटियाली रोड पर बाइक से जा रहे ईंट भट्ठा संचालक को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान अलीगढ़ में उनकी मौत हो गई।
मोहल्ला पूरब थोक निवासी मोहम्मद फारूक (65) पुत्र आशिक हुसैन जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक थे। रिटायर होने के बाद चेयरमैन हाजी मुनव्वर हुसैन के अलीपुर स्थित ईंट भट्ठे में साझेदार बन गए। वह मंगलवार को घर से खाना खाकर पटियाली रोड पर अलीपुर स्थित ईंट भट्टे पर बाइक से लौट रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे मोहम्मद फारूक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर एंबुलेंस के जरिये उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल और फिर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ में उपचार दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत से पूरब थोक में हड़कंप मच गया। सूचना पर रिश्तेदारों और परिचितों का घरों पर तांता लग गया।