आगरा के एत्मादपुर एसडीएम कोर्ट में आरोपियों को राहत देने के लिए रिश्वत लेने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो के अनुसार दो आरोपियों को जेल भेजने की जगह राहत देने के लिए मुहर्रिर ने 400 रुपये लिये। बृहस्पतिवार को वीडियो वायरल होने पर पुलिस व प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने इस मामले में एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है, दूसरी तरफ एसपी ग्रामीण को इसकी जांच सौंपी गई है।
एसडीएम कोर्ट में धारा 151 के मुकदमों की सुनवाई होती है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आपसी मारपीट व शांति भंग के दो आरोपी पकड़े। इन्हें जेल भेजने के लिए एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। वायरल हुए 2.13 मिनट के वीडियो में पेशकार सत्य प्रकाश शर्मा से आरोपी का पक्षकार रियायत मांग रहा है। बदले में पैसा देने को तैयार है। पेशकार ने कोर्ट मुहर्रिर जहांगीर आलम के पास उन्हें भेजते हुए कहा इनकी फाइल करवा दो। वीडियो में पेशकार और कोर्ट मुहर्रिर दोनों का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। वीडियो में कोर्ट मुहर्रिर ने 400 रुपये लेकर दोनों आरोपियों को छोड़ दिया।
आगरा: युवती का धर्म परिवर्तन कर पत्नी बनाया, फिर कर ली दूसरी शादी
कलक्ट्रेट बार ने लगाया था भ्रष्टाचार का आरोप
धारा 151 के मामलों में एसडीएम कोर्ट ही नहीं, कलक्ट्रेट में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। पिछले दिनों कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने एसीएम कोर्ट में पेशकारों पर रिश्वत लेकर मुकदमे निस्तारित करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद डीएम ने कई पेशकार हटाए। लेकिन अभी भी डीएम कोर्ट, एडीएम वित्त, एडीएम प्रशासन समेत कई कोर्ट में लंबे समय से पेशकार मलाईदार पदों पर जमे हुए हैं।