मथुरा से दिल्ली रेल मार्ग पर छाता के निकट जंगल में रेल लाइन की पटरी टूटी हुई मिली। रात में गश्त कर रहे पेट्रोलिंग मैन को जानकारी हुई तो कंट्रोल रूम को सूचना देकर मालवा व गोंडवाना ट्रेन को रोका गया और टूटी पटरी को सही किया गया।
मंगलवार रात को छाता रेलवे जंक्शन का पेट्रोलिंग मैन राजेंद्र व उसका साथी रेल लाइन पर गश्त कर रहे थे। तड़के 4.15 बजे गश्त के दौरान किलोमीटर संख्या 1431 पर गांव गोहारी के पास पटरी टूटी मिली। राजेंद्र ने पीडब्लूआई व अन्य अफसरों को इसकी सूचना दी। सूचना पर मालवा व गोंडवाना एक्सप्रेस को छाता व मथुरा के बीच रोक दिया गया। छाता में तैनात रेलवे इंजीनियरों ने बेल्डिंग कर रेल लाइन को सही किया और 5.15 बजे मार्ग सुचारू कर दिया। इसके चलते 20 मिनट मालवा व 10 मिनट गोंडवाना एक्सप्रेस को रोका गया।
स्टेशन डायरेक्टर एनपी सिंह ने बताया कि सर्दियों में रेल लाइन फ्रैक्चर अक्सर मिल जाते हैं। उनको तुरंत सही कर दिया जाता है। रात में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। एक की जगह दो दो पेट्रोलिंग मैन को साथ-साथ ड्यूटी करने को कहा गया है। छाता में फ्रैक्चर से कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई।