मथुरा में उत्तर प्रदेश युवा ब्राह्मण महासभा ने 28 जून को रिलीज हो रही फिल्म आर्टिकल 15 को प्रतिबंधित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन दिया है। महासभा ने एलान किया कि इस फिल्म में मथुरा के सिनेमाघरों में नहीं चलने देंगे।
शनिवार को महासभा से जुड़े लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। संगठन के लोगों ने नारेबाजी करते हुए फिल्म आर्टिकल 15 के रिलीज पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग की। यहां उन्होंने एसडीएम कृष्णानंद तिवारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
युवा ब्राह्मण महासभा के संस्थापक अध्यक्ष राजेश पाठक ने कहा कि फिल्म में ब्राह्मण समाज को गलत ढंग से दर्शाया गया है तथा ब्राह्मणों को घोर जातिवादी, दलितों का शोषण करने वाला दिखाया गया है जो कि गलत है। कहा कि इस फिल्म को मथुरा के सिनेमाघरों में चलने नहीं दिया जाएगा।