प्रेमिका ने बताया कि उसे पानी में कुछ मिलाकर पिला दिया था, जिसके बाद उसका गला दबाया, जिससे वो बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने प्रेमी का शव फंदे पर लटका देखा।
फिरोजाबाद के टूंडला में शादी की जिद पर अड़े प्रेमी ने प्रेमिका द्वारा शादी से इंकार करने पर गेस्ट हाउस के बाथरूम में प्रेमिका की चुन्नी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने प्रेमिका को हिरासत में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है।
विज्ञापन
फिरोजाबाद के थाना उत्तर अंतर्गत संतोष नगर निवासी अजय कुमार 23 पुत्र सियाराम लेडीज टेलर है। उसका हनुमान गंज, दुर्गा नगर निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस को प्रेमिका ने बताया कि चार साल पहले अजय व उसके परिजन किराए के एक ही मकान में ऊपर-नीचे रहते थे। तब दोनों के बीच दोस्ती हुई। उसके बाद दोनों में प्यार हो गया। कुछ समय पूर्व दोनों ही परिवारीजनों ने अपने-अपने मकान बना लिए तथा वे अपने-अपने मकानों में रहने चले गए। प्रेमिका के मुताबिक प्रेमी उस पर शादी को दबाव बना रहा था, किंतु दोनों की जातियां अलग थीं, इसलिए परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे।
मिलने के लिए बुलाया था
शुक्रवार दोपहर में अजय ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचते ही अजय ने उसका मोबाइल छींन लिया तथा उसे जबरन टूंडला ले आया। रास्ते में वह उसे मरने का डर दिखा रहा था। जिसके चलते वह उसके साथ टूंडला आ गई। दोपहर करीब एक बजे दोनों एटा रोड स्थित मां पीतांबरा गेस्ट पहुंचे थे। दोनों कमरे में रुके, जहां वह शादी को लेकर लगातार दबाव बना रहा था। मना करने पर उसे पानी में कुछ नशीला पदार्थ पिला दिया। इतना ही नहीं उसका गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। सायं चार बजे करीब उसे होश आया तो प्रेमी अजय को उसकी ही चुन्नी से बाथरूम में लगे साबर पर लटका पाया।
विज्ञापन
पूछताछ कर रही पुलिस
उसकी चीखपुकार सुन कमरे में पहुंचे मैनेजर दीपू चौधरी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल को बंद कराते हुए अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रेमिका व गेस्ट हाउस संचालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।