कासगंज/सोरोंजी। जिले में सोमवार को जिले के अलग अलग इलाकों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। तीर्थनगरी सोरोंजी में एक घंटे जमकर बारिश हुई। जिससे बस्तियों में जलभराव के हालात बने। तीर्थनगरी के मोहल्ला चक्रतीर्थ में तेज बहाव के साथ बारिश का पानी निकल रहा था। इस बीच एक बालक पानी के प्रभाव में नाली में गिरा गया। वहीं एक पुराने मकान की दीवार गिर गई।
तीर्थनगरी में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक हुई मूसलाधार बारिश हुई। जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। हर तरफ पानी का सैलाब ही सैलाब नजर आ रहा था। कटरा बाजार चौराहा, अनाज मंडी चौराहा, गंगा गली, चौसठ, बारु बाजार, चक्रतीर्थ, गली रामलाल, बदरिया, कोतवाली चौराहा आदि मोहल्लों में जल भराव हो गया। बारिश बंद होने के काफी देर तक बाद तक जल भराव की स्थिति बनी रही। पालिकाकर्मी जगह जगह पानी निकालने की मशक्कत करते नजर आए। भारी वर्षा के कारण मोहल्ला चक्रतीर्थ में नाले किनारे शौच करने के लिए बैठा एक लडक़ा पानी के तेज बहाव के कारण नाली में गिर गया।समय रहते परिवार के अन्य लोगों ने उसे खींचकर बाहर निकाल लिया। वहीं तेज बारिश के दौरान मोहल्ला मढ़ई में एक मकान की कच्ची दीवार पड़ोसी के घर में गिर गई।
जिससे पड़ोसी का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हरिशंकर के मकान की कच्ची दीवार भर भराकर कौशल के मकान में जा गिरी। भारी वर्षा के कारण हरि की पौड़ी के फुदक वाले घाट पर पर्यटन विभाग द्वारा कराया जा रहा घाट की सीढिय़ों का निर्माण कार्य रोकना पड़ा। तीर्थनगरी के मदन मोहन दीक्षित ने बताया कि एक घंटे की मूसलाधार बारिश में पूरा शहर जलमग्न हो गया। इतनी जबरदस्त बारिश कई वर्षो के बाद देखने को मिली। राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस रिकॉर्ड तोड कई वर्षो के लंबे अंतराल के बाद ऐसी बारिश हुई।वहीं जिले के नदरई, मामो, गोरहा इलाके में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई।