आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने फर्म संचालक पर रुपये उधार लेकर नहीं लौटने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को बताया कि फर्म संचालक ने 20 लाख रुपये उधार लिए थे। छह महीने में वापस करने वादा था लेकिन करीब 3 लाख ही वापस कर सका। बाकी का तगादा करने पर जान से मारने की धमकी दी है।
रंगजी हाइट्स, गैलाना निवासी महेश चंद गोयल ने बताया कि उनके संबंध आलोक नगर निवासी दिनेश मित्तल से थे। तीन साल पहले उसने मुलाकात कर कहा कि उन्होंने कैला देवी कार्टन के नाम से फर्म खोली है। फर्म नई होने के कारण उसे चलाने के लिए 20 लाख रुपये की जरूरत है। रकम को छह महीने में लौटाने का वादा किया। वो उसकी बातों में आ गए। 8 फरवरी, 2023 को बेटी के खाते से 10 लाख रुपये, 19 अप्रैल को बेटे और अपने खाते से पांच-पांच लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि इसके बाद दिनेश मित्तल ने सिर्फ 2.90 लाख रुपये ही वापस किए। बाकी के 17 लाख रुपये नहीं दिए। आश्वासन देता रहा। 25 जनवरी को वह दिनेश के घर पर गए तो वहां ताला लगा था। फोन किया तो आरोपी और उसका बेटा धमकी देने लगे। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साक्ष्य संकलन किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।