मथुरा। कोटवन बॉर्डर से मजदूरों को हरियाणा की सीमा में वापस करते एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। लॉकडाउन में हरियाणा-उत्तर प्रदेश की सीमा पर बने बॉर्डर बैरियरों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को बॉर्डर पार कर रहे करीब 15 मजदूरों को एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने हरियाणा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बॉर्डर बैरियरों का निरीक्षण कर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
कोटवन बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर बैरियरों से किसी को भी आने-जाने न दिया जाए। कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को नियंत्रित करने के लिए लगातार एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। जनपद की सीमा से जुड़े बॉर्डर बैरियरोें पर सख्ती बढ़ी दी गई है। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम से आ रहे करीब 15 मजदूरों के जत्थे को कोटवन बॉर्डर पर रोक लिया। पूछने पर मजदूरों ने बताया कि उन्हें जालौन जाना है। मजदूरों को जनपद की सीमा में प्रवेश नही करने दिया। सभी मजदूरों को हरियाणा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में रखी जा रही है ड्रोन से नजर
देहात में लॉकडाउन का पालन करने को पुलिस ने पूरी ताकत लगा दी गई है। गांवों में लोग लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन नहीं कर रहे हैं। लॉकडाउन की स्थिति जानने के लिए अब ड्रोन उड़ा कर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जो भी लॉकडाउन का उल्लंघन करता मिलेगा, उस पर पुलिस कार्रवाई होगी। पुलिस ड्रोन कैमरों को उड़ाकर निगाह रख रही है।
आफत टाल रही हैं हरियाणा पुलिस
कोटवन बॉर्डर पर रोके गए मजदूर कैसे कोटवन बॉर्डर तक पहुंचे, यह अपने आप में एक सवाल पैदा कर रहा है। इसका मतलब तो यह हुआ कि हरियाणा पुलिस आफत टाल कर मजदूरों को यूपी की ओर भगा रही है। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को देकर हरियाणा पुलिस के रवैये से अवगत कराया जाएगा।