प्यार का पंचनामा से चर्चित हुए बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री कृति सनोन 4 फरवरी को आगरा में फैंस से रूबरू होंगे। दोनों फिल्मी सितारे सिकंदरा स्थित अमर उजाला कार्यालय में अपनी आगामी फिल्म शहजादा का प्रमोशन करेंगे। इस मौके पर पाठकों के लिए एक लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतिभाग करने वाले पाठकों को अमर उजाला में प्रकाशित क्यूआर कोड को स्कैन करके सवाल का सही जवाब देना होगा। 10 से 15 भाग्यशाली विजेताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा।
फिल्म स्टार कार्तिक आर्यन व कृति सनोन शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में अपनी आगामी एक्शन ड्रामा फिल्म शहजादा पर चर्चा करेंगे। रोहित धवन की निर्देशित और टी-सीरीज फिल्म्स की ओर से निर्मित फिल्म में कार्तिक व कृति के साथ परेश रावल, मनीषा कोइराला, राजपाल यादव, रोनित रॉय और सचिन खेडेकर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग मुंबई, दिल्ली और मॉरीशस में की गई है। फिल्म का स्कोर और साउंड ट्रैक एलबम प्रीतम की ओर से रचित है। फिल्म शहजादा के गीत ‘मुंडा सोना हूं मैं.. कुड़ी तू करोड़ की’ और दूसरा गाना छेड़खानियां पहले ही हिट हो चुके हैं।
कार्तिक आर्यन ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत फिल्म प्यार का पंचनामा से की थी। इसके बाद उन्होंने गेस्ट इन लंदन, प्यार का पंचनामा-2, सोनू के टीटू की स्वीटी, लुकाछुपी, भूलभुलैया जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता। वहीं तेलगू फिल्मों से शुरुआत करने वाली कृति सनोन ने हीरोपंती से बॉलीवुड में डेब्यू किया। वह बरेली की बर्फी, स्त्री, हाउसफुल-4, मिमी, हम दो हमारे दो, हीरोपंती-2 जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की छाप छोड़ चुकी हैं।