खंदौली। बोलेरो सवार लुटेरों ने बृहस्पतिवार रात चालकों को बंधक बनाकर हथियारों की दम पर ट्रक लूट लिया। दोनों को झाड़ियों में फेंकने के बाद लुटेरे ट्रक ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
मेरठ के थाना किठौर के गांव महलमाला निवासी कुलदीप सिंह के ट्रक को उनके भाई दीपक और संदीप चलाते हैं। दीपक की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 21 दिसंबर की शाम गुजरात के सुरेंद्रनगर से 11 टन आठ क्विंटल अनाज लेकर दोनों भाई वाराणसी जा रहे थे। 22 दिसंबर की रात करीब नौ बजे ट्रक लेकर दोनों भाई बिचपुरी पहुंचे। जेसीबी चौराहा के पास पीछे चल रही सफेद रंग की बोलेरो ने ओवरटेक करके ट्रक को रुकवा लिया।
बोलेरो पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा हुआ था। तहरीर के अनुसार बोलेरो से चार लोग उतरकर आए और चालक दीपक से ट्रक की चेकिंग कराने के लिए कहा। चारों लोग ट्रक की केबिन में घुस आए और दीपक और संदीप को बोलेरो में हथियारों की दम पर बिठा लिया। पीड़ित के अनुसार बोलेरो में छह लोग सवार थे। एक व्यक्ति ट्रक को चलाकर ले गया। थानाअध्यक्ष आनंद वीर ने बताया है तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
चालकों के अनुसार बोलेरो सवारों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया। शुक्रवार सुबह जब आंख खुली तो दोनों ने खुद को रस्सी से बंधा हुआ झाड़ियों में पड़ा पाया। लुटेरो दोनों को यमुना एक्सप्रेसवे के इंटर चैंज के पास फेंक गए थे। चीखने चिल्लाने पर राहगीरों ने रस्सी खोलकर दोनों को मुक्त कराया। पीड़ितों के अनुसार बदमाश तीन मोबाइल, संदीप की जेब में रखे तीन हजार रुपये व ट्रक में रखे 20 हजार रुपये भी लूट ले गए।