फरीदाबाद सेक्टर-11 स्थित होटल में शनिवार सुबह युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान आगरा निवासी अदिति के रूप में हुई है। वह तीन दिन से प्रेमी हेमंत शर्मा के साथ होटल में ठहरी हुई थी। शुक्रवार रात हेमंत होटल से चला गया। शनिवार सुबह युवती का शव मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे होटल के कर्मचारी कमरा खाली कराने पहुंचे थे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर अदिति का शव फंदे से लटका मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अदिति तीन दिन पहले घर में किसी को बताए बिना फरीदाबाद आई थी। यहां वह हेमंत शर्मा नाम के युवक के साथ होटल में रह रही थी। हेमंत मूलरूप से आगरा का निवासी है और काफी समय से फरीदाबाद में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा है। एसीपी रवि कुंडिया ने बताया कि अभी तक युवती के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है।