आगरा के पुलिस लाइन मार्ग स्थित सरकारी कार्यालय के परिसर में एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि रात तकरीबन 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अपर आयुक्त वित्त एवं राजस्व के कार्यालय परिसर में पेड़ पर एक युवक फंदे पर लटका हुआ है। इस पर थाना शाहगंज की फोर्स पहुंच गई। युवक को फंदे से उतारा गया। उसके कपड़ों की तलाशी ली गई। उसके पास से एक पर्ची मिली, जिस पर नाम और पता लिखा था। उसकी पहचान 18 वर्षीय भारत पाठक के रूप में हुई। उसके पिता कन्हैयालाल घुड़सवार पुलिस में कार्यरत थे। मार्च में उनकी मृत्यु हो गई थी।
सूचना पर परिजन आ गए। उनमें कोहराम मच गया। परिजन ने बताया कि बेटा कुछ समय पहले भाई का लैपटॉप लेकर घर से निकल गया था। तब से ही अलग रह रहा था। वह नौकरी करके ही अपना जीवन यापन कर रहा था। उसने आत्महत्या क्यों की? इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है। सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।