जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के जिला समन्वयक (एमडीएम) आकर्ष अग्रवाल का शव अंबाला कैंट के रेलवे ट्रैक पर मिला है। उनकी मां ने अपने जेठ पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। थाना हरीपर्वत पुलिस प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या मान रही है। पुलिस परिजन के साथ अंबाला रवाना हो गए हैं।
थाना हरीपर्वत के गांधी नगर निवासी आकर्ष अग्रवाल की मां शशि अग्रवाल ने बताया कि आकर्ष के पिता सुबोध अग्रवाल काफी समय से बीमार हैं। 10 दिनों तक एसएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती होेने के बाद 20 फरवरी को आकर्ष ने उन्हें डिस्चार्ज कराया था। पिता को दिल्ली इलाज के लिए ले जाना था। अस्पताल से बेटे ने उन्हें एंबुलेंस में घर भेजा था।
खुद दवा लेकर घर पहुंचने की कहकर चला गया था। इसके बाद से कुछ पता नहीं चल रहा था। थाना हरीपर्वत में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बेटे का नंबर भी बंद था। सोमवार दोपहर आकर्ष का मोबाइल ऑन हुआ। कॉल करने पर दूसरी ओर से जीआरपी अंबाला के पुलिसकर्मी ने बात की। आकर्ष का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की जानकारी दी। परिजन को शव के फोटो भेजे।
इकलौते बेटे का शव देखकर मां बेहोश होकर गिर पड़ीं। बहन शिवाली ने उन्हें संभाला। बीमार पिता की तबीयत और खराब हो गई। आकर्ष के साथ काम करने वाले साथियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। मां ने थाना हरीपर्वत में जेठ मनोज अग्रवाल के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया है कि मकान हड़पने के बाद वह लगातार बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस टीम परिवार को लेकर अंबाला गई है। मामले की जांच की जा रही है।