फिरोजाबाद। मथुरा नगर निवासी पूनम के शव के अंतिम संस्कार को लेकर ससुराल व मायका पक्ष जलेसर रोड स्थित शमशान घाट के बाहर भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक के साथ हाथापाई की स्थिति कायम हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का अपनी मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया।
मथुरा नगर निवासी पूनम की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर आई। पोस्टमार्टम होने के बाद पति पूनम के शव को एबुलेंस में रखकर शमशान घाट पहुंच गया और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच पूनम के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। यहां शव के अंतिम संस्कार को लेकर मायका और ससुराल पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान हाथापाई की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाल उत्तर अनूप कुमार भारतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। इसके साथ ही शव का अंतिम संस्कार पुलिस ने अपनी मौजूदगी में कराया। कोतवाल उत्तर अनूप कुमार भारतीय का कहना है कि महिला की मौत ह्दय गति रुकने के कारण हुई है। जबकि परिवारीजन हत्या का आरोप लगा रहे थे।