कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने के लिए अब ऑनलाइन नजर रखने की तैैयारी है। इसके लिए विभाग एक कंट्रोल रूम की स्थापना करेगा। इस कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की ऑनलाइन नजर रखी जाएगी।
जिला नकल के लिए बदनाम है। यहां बोलकर नकल कराना, उत्तर पुस्तिकाओं में हेराफेरी करने जैसे मामले कई बार सामने आ चुके हैं। दो परीक्षा केंद्र तो उत्तर पुस्तिकाओं में हेराफेरी करने के चलते पिछले चार साल से डिबार हैं। ऐसी स्थिति में वर्ष 2021 की परीक्षा के दौरान ऑनलाइन नजर रखी जाएगी।
कोरोना संकट के चलते बोर्ड परीक्षा में इस बार व्यवस्थाओं में कई बदलाव किए गए हैं। कक्ष में परीक्षार्थियों की संख्या सीमित किए जाने के साथ ही परीक्षा केंद्र भी बढ़ाए गए है। वहीं परीक्षा पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी, आवाज की रिकार्डिंग आदि व्यवस्था की गई है।
इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के सभी 68 परीक्षा केंद्र ऑनलाइन होंगे। इन केंद्रों को एक कंट्रोल रूम बनाकर जोड़ा जाएगा। अधिकारी कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेगा। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे को बंद करने, दिशा बदलने सहित अन्य कोई गतिविधि नजर आई तो परीक्षा केंद्र पर कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी केंद्रों को ऑनलाइन किया जाएगा।
एसपी सिंह जिला विद्यालय निरीक्षक